खैरागढ़। अंकित महोबिया - वनमंडल खैरागढ़ के साल्हेवारा वन क्षेत्र में वन विभाग ने वन्य जीव तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो जंगली सूअर और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया गया है. जानकारी के अनुसार वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने 5 मार्च 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। इस दौरान स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक MH 35 P 1022 को रोककर जांच की गई। जांच में वाहन में दो जंगली सूअरों का अवैध परिवहन करते हुए पाया गया। वन विभाग की टीम ने मौके पर ही वाहन को जब्त करते हुए मंगल तिल्लासी पिता अंजोर तिल्लासी और हर्षदीप पिता जगदीश चव्हान को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी वन्य प्राणियों के अवैध शिकार और परिवहन में संलिप्त पाए गए। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 50, 51, 39 और 48A के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय छुईखदान में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उन्हें सलोनी जेल भेजने के आदेश दिए। इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी दिलीप बंजारी, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी कुम्भलाल वर्मा (वनपाल), वनरक्षक सोनल पांडे, बिरसिंग नायक, जागेश्वर तिर्की, थानेश्वर कतलाम, मनोहर सिंह तथा भारत यादव, भुखऊ यादव और सालिक यादव (सुरक्षा श्रमिक) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि साल्हेवारा क्षेत्र के घने जंगलों में वन्य प्राणियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध शिकार और वन्यजीव तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Loading...

