खैरागढ़। खरीफ सीजन में किसानों को सस्ती खाद और कृषि दवाइयों का झांसा देकर ₹5.40 लाख की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को खैरागढ़ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी अनुरुद्ध कुमार (27 वर्ष), निवासी जिला मैनपुरी (उ.प्र.) के कब्जे से 12 एटीएम कार्ड, 2 बैंक पासबुक और ठगी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
ऐसे बनाया किसान को शिकार
पुलिस के अनुसार, ग्राम चिखलदाह निवासी किसान ऋषभ सिंह ने कृषि कार्य के लिए खाद और दवाई खरीदने हेतु कुछ मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को खाद सप्लायर बताकर व्हाट्सएप और फोन के जरिए ऑर्डर लिया तथा अलग-अलग किश्तों में ₹5.40 लाख अपने बैंक खातों में जमा करा लिए। रकम मिलने के बाद न तो खाद भेजी गई और न ही पैसे लौटाए गए। बाद में आरोपियों ने अपने मोबाइल बंद कर दिए। शिकायत के आधार पर थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 151/2026 दर्ज कर धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 66D आईटी एक्ट के तहत विवेचना शुरू की गई।
तकनीकी जांच से पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना खैरागढ़ और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) मिली, जहां स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया।
बरामदगी 12 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, 2 बैंक पासबुक, 1 मोबाइल फोन घटना में प्रयुक्त पुलिस अब इस साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और बैंक खातों की जांच में जुटी हुई है।

