छुईखदान।अंकित महोबिया - विकासखंड छुईखदान के वनांचल क्षेत्र स्थित शासकीय प्राथमिक शाला जीराटोला, संकुल खैरबना के होनहार छात्र तुमेष कावरे ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ में चयनित होकर पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तुमेष, श्री अशोक कावरे के सुपुत्र हैं। प्रधानपाठक ललित साहू ने बताया कि तुमेष शुरू से ही प्रतिभाशाली और मेहनती छात्र रहा है। पढ़ाई के साथ-साथ वह शाला की सभी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता रहा है। खास बात यह है कि छात्र को चित्रकला में विशेष रुचि है और वह बेहद सुंदर चित्र बनाकर अपनी अलग पहचान बना चुका है। ग्राम सरपंच श्रीमती कांति केशलाल मंडावी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि गांव के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी छात्र का चयन नवोदय विद्यालय में हुआ है। उन्होंने छात्र, परिजनों और पूरे शाला परिवार को बधाई देते हुए इसे गांव के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। छात्र की सफलता के पीछे शाला के प्रधानपाठक ललित साहू एवं शिक्षक निमेश सुधाकर की सतत मेहनत और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की अहम भूमिका रही। वहीं, निःशुल्क कोचिंग प्रदान करने वाले शिक्षक महेश वर्मा तथा छात्र के चाचा अशोक कावरे का भी विशेष योगदान रहा। तुमेष की इस शानदार उपलब्धि पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी गिरेन्द्र सुधाकर, बीआरसी दुष्यंत शर्मा, संकुल समन्वयक पूरन बंजारे, शिक्षक महेश गजभिए, शिक्षिका श्रीमती अन्नपूर्णा श्रीवास्तव, जनपद सदस्य श्रीमती संगीता अंजू जंघेल, उपसरपंच श्रीमती उर्मिला कपूर सिंह खुशरो सहित गांव के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं.
Loading...

