खैरागढ़। लालपुर वार्ड में लंबे समय से बनी पेयजल और सफाई व्यवस्था की बदहाली आखिरकार प्रशासनिक हलचल का कारण बनी। शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा दिए गए अल्टीमेटम के बाद नगर पालिका ने क्षेत्र में सफाई और पानी की समस्या सुधारने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। दो दिन पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वार्ड का भ्रमण कर जमीनी हकीकत देखी थी, जिसमें जगह-जगह फैली गंदगी, जाम नालियां और पेयजल संकट सामने आया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की थी। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका को दो दिन के भीतर व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी थी और समय सीमा में काम नहीं होने पर आंदोलन की बात कही थी। चेतावनी के बाद नगर पालिका अमला सक्रिय हुआ और लालपुर क्षेत्र में नालियों की सफाई, कचरा उठाव तथा जल आपूर्ति सुधारने का कार्य शुरू किया गया। विभिन्न स्थानों पर सफाईकर्मियों की तैनाती कर त्वरित कार्रवाई की गई। मौके पर पहुंचकर शहर महामंत्री दीपक देवांगन और शेखर दास वैष्णव ने कार्यों का निरीक्षण करते हुए जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कार्रवाई दबाव में की जा रही है और स्थायी समाधान अब तक नहीं दिख रहा। नागरिकों ने मांग की है कि नगर पालिका नियमित रूप से सफाई और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याएं उत्पन्न न हों। वहीं मनराखन देवांगन ने चेतावनी दी है कि यदि आगे भी लापरवाही बरती गई तो जनहित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाओं के साथ किसी भी प्रकार की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Loading...


