खैरागढ़। महिला आरक्षण विधेयक को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। जिला कांग्रेस कमेटी खैरागढ़ के प्रवक्ता देवकांत यदु ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा इस मुद्दे पर केवल वोट की राजनीति कर रही है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 20 सितंबर 2023 को महिला आरक्षण विधेयक लोकसभा में पारित हुआ था, जहां इसके पक्ष में 454 वोट पड़े थे, जबकि विरोध में मात्र 2 वोट मिले थे। इसके बाद 21 सितंबर 2023 को राज्यसभा में भी यह विधेयक 214 वोटों के साथ पारित हुआ, जहां विरोध में एक भी वोट नहीं पड़ा। 29 सितंबर 2023 को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इस विधेयक को अपनी मंजूरी दे दी थी। देवकांत यदु ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज भी इस विधेयक के समर्थन में पूरे इंडिया गठबंधन के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महिला आरक्षण सभी वर्गों की महिलाओं को समान सम्मान और अधिकार के साथ मिलना चाहिए। बीजेपी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि देशभर में भाजपा द्वारा निकाला जा रहा जनआक्रोश पूरी तरह फ्लॉप साबित हो रहा है, क्योंकि देश की महिलाएं भाजपा की कथनी और करनी को भली-भांति समझ चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव और पश्चिम बंगाल के चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा महिला आरक्षण विधेयक को तोड़-मरोड़ कर पेश करने की कोशिश कर रही थी, जिसे इंडिया गठबंधन ने रोकने का काम किया।
Loading...


