खैरागढ़ - थाना टेलकाडीह क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गहिरा-गोपालपुर में हुए बुजुर्ग की निर्मम हत्या की गुत्थी को जिला पुलिस केसीजी टीम ने सुलझा लिया है। अपमान और पारिवारिक संदेह से उपजे आक्रोश ने एक युवक को ऐसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया जिसने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 फरवरी की सुबह लगभग 8:30 बजे थाना टेलकाडीह पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गहिरा-गोपालपुर निवासी लेडगूराम वर्मा की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड एवं एफएसएल की सीन ऑफ क्राइम यूनिट को बुलाकर बारीकी से जांच की गई। प्रारंभिक जांच में घर के पीछे की खिड़की टूटी हुई मिली और अंदर आलमारी में तोड़फोड़ के निशान पाए गए जिससे प्रथम दृष्टया चोरी के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों पंच गवाहों और मृतक के परिजनों से पूछताछ जारी रखी। संदेह के आधार पर ग्राम निवासी बिरेन्द्र कुमार वर्मा पिता रामकुमार वर्मा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक अक्सर उसके घर टीवी देखने आता था और उसे घर व खेती-किसानी के काम को लेकर अपमानित करता था। साथ ही आरोपी ने आरोप लगाया कि मृतक उसके परिवार की महिला पर बुरी नजर रखता था जिससे वह अंदर ही अंदर आक्रोशित था। इसी गुस्से में उसने हत्या की योजना बनाई। आरोपी ने 26 फरवरी की रात करीब 11 बजे कुल्हाड़ी (टंगिया) लेकर सो रहे लेडगूराम वर्मा पर सिर में तीन वार किए और गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए घर की खिड़की तोड़ी और आलमारी में तोड़फोड़ कर चोरी का झूठा दृश्य रचा। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त टंगिया, घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े तथा खून पोंछने में प्रयुक्त बनियान को बरामद कर जब्त कर लिया है। कुछ साक्ष्य आरोपी द्वारा तालाब किनारे पानी और कीचड़ में छिपाए गए थे जिन्हें भी बरामद कर लिया गया। जिला पुलिस केसीजी की तत्परता और जांच के चलते अंधे कत्ल की यह गुत्थी सुलझ गई। आरोपी को 3 मार्च 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
Loading...

