खैरागढ़। केसीजी पुलिस टीम को सफलता हाथ लगी है। दिन के समय सूने मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आदतन चोर गिरोह के मुख्य आरोपी ओमप्रकाश साहू (19 वर्ष) एवं उसके साथी दिलीश्वर साहू (23 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी ओमप्रकाश पर चोरी के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट के तहत भी गंभीर अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार ग्राम उदयपुर, बफरा एवं बिरेझर में सूने मकानों का ताला तोड़कर नगदी एवं सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे। उदयपुर निवासी प्रार्थी के घर से 30 हजार रुपये नगद सहित सोने-चांदी के जेवरात पार किए गए, वहीं बफरा निवासी के घर से 15 हजार रुपये नगद एवं आभूषण चोरी किए गए। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के 12 लॉकेट, सोने का टॉप्स (1 जोड़ी), सोने की ईयरिंग (1 जोड़ी), चांदी का लच्छा (1 जोड़ी), चांदी की पायल (8 जोड़ी), करधन, बिछिया, कड़ा एवं 6,500 रुपये नगद सहित घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और सब्बल बरामद किया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत लगभग 3,95,500 रुपये बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार आरोपी ओमप्रकाश साहू ने चोरी की वारदातों के बाद एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा लिया था। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए पीड़िता को सुरक्षित बरामद किया। पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के विरुद्ध धारा 64, 65, 137(2) बीएनएस एवं धारा 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना खैरागढ़, थाना छुईखदान, चौकी जालबांधा एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने चोरी एवं नाबालिग को भगाने की वारदात स्वीकार की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
Loading...

