
खैरागढ़ - केंद्र सरकार की रैंप (RAMP) योजना के अंतर्गत जिला पंचायत खैरागढ़ में उद्यमिता विषय पर दो दिवसीय एडवांस प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय तथा राज्य सरकार की उद्यमिता प्रोत्साहन पहलों के तहत सीएसआईडीसी रायपुर के बैनर तले चॉइस कंसल्टेंसी द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के कुल 34 उद्यमियों एवं महिला उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना, स्वरोजगार के अवसर सृजित करना तथा प्रतिभागियों को व्यावहारिक एवं तकनीकी ज्ञान प्रदान करना रहा। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस में प्रतिभागियों से संवाद कर उनकी गतिविधियों और कार्यप्रणाली को समझा गया। इसके पश्चात मास्टर ट्रेनर पारुल पाण्डेय द्वारा केंद्र सरकार की योजनाओं, व्यवसाय विस्तार रणनीति, वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल टूल्स, जीएसटी सहित कानूनी अनुपालन, गुणवत्ता नियंत्रण एवं मानकीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

द्वितीय दिवस में ब्रांडिंग, मार्केटिंग, ग्राहक सहभागिता, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, ई-कॉमर्स, सरकारी ई-मार्केट प्लेस (GeM), निर्यात की तैयारी, सप्लाई चेन प्रबंधन एवं निवेशक प्रस्तुति जैसे विषयों पर चर्चा की गई। मास्टर ट्रेनर रोहित शर्मा ने उद्यमियों को मार्केट लिंकेज और ओडीओपी (ODOP) के बारे में व्यवहारिक जानकारी दी। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती पूजा पींचा एवं जिला उद्योग विभाग के महाप्रबंधक प्रणय बघेल उपस्थित रहे। एसडीएम साहू ने उद्यमियों को योजनाओं के व्यावहारिक क्रियान्वयन के लिए प्रेरित किया, वहीं डिप्टी कलेक्टर पींचा ने लघु, कुटीर एवं मध्यम उद्योगों की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। महाप्रबंधक बघेल ने ऋण, सब्सिडी एवं अन्य शासकीय सुविधाओं की जानकारी दी। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं मार्गदर्शक बताया। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर पारुल पाण्डेय, रोहित शर्मा तथा डिविजनल समन्वयक प्रमेश विजयवार, रोहित झा एवं तुषार साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

