खैरागढ़। 9 अप्रैल को शहर में यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए चालानी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने हुई इस कार्रवाई में लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर जुर्माना लगाया गया। अभियान के दौरान तीन सवारी बैठाने वाले वाहन चालकों से 300 रुपये और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों से 500 रुपये का चालान वसूला गया। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर आगे भी लगातार सख्ती जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान खासतौर पर स्कूल और कॉलेज के छात्रों में तीन सवारी और तेज रफ्तार से वाहन चलाने की प्रवृत्ति देखने को मिली। हालांकि परीक्षा देने जा रहे छात्रों को समझाइश देकर छोड़ दिया गया ताकि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें। यातायात विभाग ने बताया कि शहर में शराब पीकर वाहन चलाने की घटनाएं भी बढ़ रही हैं जिस पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा प्रतिदिन समझाइश के साथ-साथ चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। अभियान के दौरान कई वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक किया गया। यातायात विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे हेलमेट का उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित वाहन चलाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
Loading...

