खैरागढ़। अनुकम्पा नियुक्त सहायक ग्रेड-3 कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के निराकरण को लेकर संघ द्वारा स्वास्थ्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कर्मचारियों ने अपनी सेवा से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 14 जून 2023 को जारी एकीकृत पुनरीक्षित निर्देशों के अनुसार सहायक ग्रेड-3 पद पर नियुक्त कर्मचारियों के लिए हिन्दी टाइपिंग कौशल परीक्षा (5000 की-डिप्रेशन प्रति घंटा) उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया है। हालांकि वर्ष 2013 से 2026 तक विभागीय स्तर पर इस परीक्षा का आयोजन नहीं किया गया, जिसके चलते कर्मचारी वेतनवृद्धि एवं वरिष्ठता लाभ से वंचित रह गए। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने स्तर पर सभी आवश्यक अर्हताएं समय-सीमा में पूरी कर ली थीं, लेकिन विभाग द्वारा परीक्षा आयोजित नहीं किए जाने के कारण समस्या उत्पन्न हुई। इस संबंध में कई बार आवेदन और अधिकारियों द्वारा पत्राचार भी किया गया, बावजूद इसके समय पर परीक्षा नहीं हो सकी। वर्तमान में शासन द्वारा कौशल परीक्षा आयोजित कराई जा चुकी है और कई कर्मचारी इसे उत्तीर्ण भी कर चुके हैं, लेकिन नियुक्ति तिथि से वेतनवृद्धि एवं वरिष्ठता लाभ देने के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं होने के कारण प्रकरण लंबित हैं। इससे कर्मचारियों को आर्थिक एवं सेवा संबंधी नुकसान उठाना पड़ रहा है। संघ ने मांग की है कि वास्तविक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नियमों में शिथिलता प्रदान की जाए तथा अनुकम्पा नियुक्त सहायक ग्रेड-3 कर्मचारियों को नियुक्ति तिथि से वेतनवृद्धि एवं वरिष्ठता का लाभ दिया जाए। साथ ही DCA/PGDCA, हिन्दी मुद्रलेखन अथवा समकक्ष कंप्यूटर प्रशिक्षण के प्रमाण पत्रों को मान्यता देते हुए पदोन्नति, वेतनवृद्धि एवं समयमान वेतनमान का लाभ देने हेतु आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। ज्ञापन सौंपने के दौरान हितेश कुमार निर्मलकर, तीरथराम निषाद, दिप्ती वर्मा, तरूण कोट्टेवार, ललिता सोनकर, सुधांशु सैमुएल, नारायण ध्रुव, अपेक्षा अमित द्विवेदी, प्रियंका चन्द्राकर, मेरलिन जोश, भूपेंद्र निर्मलकर एवं देवप्रभा पटेल उपस्थित रहे। संघ ने उम्मीद जताई है कि शासन कर्मचारी हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर लंबित मामलों का निराकरण करेगा। उक्त जानकारी हरिओम शर्मा ने दी।
Loading...

