खैरागढ़। ग्राम पंचायत बागुर के लिए लंबे समय से आवश्यक सुरही नदी पर रपटा-कम-काजवे निर्माण हेतु 10.13 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है. इस महत्वपूर्ण विकास कार्य की स्वीकृति दिलाने में विधायक श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा की सक्रिय पहल और निरंतर प्रयासों के लिए ग्राम पंचायत बागुर के पंच-सरपंच एवं ग्रामीण प्रतिनिधियों ने उनके गृह निवास पहुंचकर बधाई एवं धन्यवाद ज्ञापित किया. इस दौरान ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि सुरही नदी पर रपटा-कम-काजवे का निर्माण बागुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए आवागमन की बड़ी समस्या का स्थायी समाधान साबित होगा. बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी और क्षेत्र के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा. ग्रामीण प्रतिनिधियों ने विधायक श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विधायक के प्रयासों से क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को गति मिल रही है. जनभावनाओं और स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाना विधायक की सक्रिय कार्यशैली को दर्शाता है. विधायक श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है. ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया और आवागमन की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. सुरही नदी पर रपटा-कम-काजवे का निर्माण क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा. विधायक ने कहा कि जनता की जरूरत और क्षेत्र का विकास ही उनकी राजनीति का आधार है. ग्रामीणों की समस्याओं को शासन तक पहुंचाकर उनका समाधान कराना और विकास कार्यों को जमीन पर उतारना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।10.13 करोड़ की इस स्वीकृति को लेकर बागुर सहित आसपास के ग्रामीणों में उत्साह है. ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में आवागमन और विकास की संभावनाओं को नई गति मिलेगी.

