खैरागढ़ ।दूरस्थ वनांचल में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति (पी.व्ही.टी.जी.) बैगा समुदाय को मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जमीनी स्तर पर पहल तेज कर दी है। “आदि अमितान” पीएम जनमन यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग अभियान के तहत छुईखदान विकासखंड के बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और रोग नियंत्रण की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में बहुद्देशीय केंद्र वाले ग्राम तुमडादाह, परसाही एवं दल्ली बैगा बसाहट में निवासरत 62 बैगा परिवारों को मलेरिया से बचाव के लिए मच्छरदानियों का वितरण शुरू किया गया। इस पहल का उद्देश्य बैगा परिवारों को मच्छरजनित बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही रात में नियमित रूप से मच्छरदानी के उपयोग के प्रति जागरूक करना है।
मच्छरदानी के साथ दिया बचाव का संदेश
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को केवल मच्छरदानी वितरित नहीं की, बल्कि मलेरिया से बचाव और समय पर उपचार की पूरी जानकारी भी दी। ग्रामीणों को बताया गया कि बुखार, ठंड लगना, कंपकंपी, सिरदर्द, शरीर में दर्द या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करें और तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर मलेरिया की जांच कराएं। टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि रात में सोते समय नियमित रूप से मच्छरदानी का इस्तेमाल करें, घर के आसपास पानी जमा न होने दें और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करें। समय पर जांच और उपचार से मलेरिया को गंभीर रूप लेने से रोका जा सकता है।
दूरस्थ बैगा बस्तियों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सुविधा
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रेम कुमार पटेल के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा के मार्गदर्शन में अभियान के तहत छुईखदान क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बैगा समुदाय के घर-द्वार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. मनीष बघेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा दूरस्थ बैगा बसाहटों में स्वास्थ्य जांच, उपचार, स्वास्थ्य शिक्षा और रोगों की रोकथाम संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

मलेरिया के साथ कई गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग
आदि अमितान अभियान केवल मलेरिया नियंत्रण तक सीमित नहीं है। इसके तहत पी.व्ही.टी.जी. समुदाय में मलेरिया, टीबी, कुष्ठ, सिकल सेल, एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, नेत्र रोग तथा महिलाओं में स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की स्क्रीनिंग की जा रही है. जरूरत के अनुसार मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने के साथ ही गंभीर मामलों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्था भी की जा रही है। इससे दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
रोकथाम पर जोर, स्वस्थ बैगा समुदाय की दिशा में पहल
मच्छरदानी वितरण जैसी पहल का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि यह बीमारी होने के बाद इलाज के बजाय बीमारी की रोकथाम पर जोर देती है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि बैगा परिवार मलेरिया से बचाव के उपायों को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं और बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज न करें। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार आदि अमितान अभियान के माध्यम से पी.व्ही.टी.जी. बैगा समुदाय तक सुलभ, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ स्वास्थ्य जागरूकता को मजबूत करने का काम लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम में डॉ. प्रकाश वर्मा, चिकित्सा अधिकारी बृजेश ताम्रकार, बीपीएम विवेक मेश्राम, मलेरिया निरीक्षक अमीलाल, पर्यवेक्षक वासुदेव, आरएचओ कु. तेजेश्वनी, सीएचओ एवं धनसिंह उइके सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

