खैरागढ़ - छत्तीसगढ़ संविदा कर्मचारी महासंघ, जिला इकाई खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जिला पंचायत अध्यक्ष माननीय श्रीमती प्रियंका खम्हन ताम्रकार से सौजन्य भेंट कर संविदा कर्मचारियों की वेतन वृद्धि एवं विभिन्न सेवा हितों से संबंधित मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संविदा कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि, सेवा सुरक्षा, नियमितीकरण की दिशा में ठोस पहल तथा अन्य लंबित सेवा संबंधी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाने का आग्रह किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि संविदा कर्मचारी लंबे समय से अपनी न्यायोचित मांगों के निराकरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं तथा शासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा रखते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका खम्हन ताम्रकार ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संविदा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु नियमानुसार आवश्यक पहल करते हुए माननीय मुख्यमंत्री एवं माननीय वित्त मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन को संबोधित अनुशंसा-पत्र तत्काल प्रेषित करने की कार्रवाई की। इस अवसर पर महासंघ के जिला पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे, जिनमें मुरलीधर सोनबेर, प्रेमचंद साहू, लक्ष्मी नारायण सोनी, दीनानाथ लिल्हारे, अशवन सलामे सहित अन्य सदस्य शामिल थे। संगठन ने कर्मचारियों के हितों की रक्षा एवं उनकी न्यायोचित मांगों के निराकरण हेतु भविष्य में भी निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प व्यक्त किया।

