छुईखदान।अंकित महोबिया - जीवनसाथी एप के माध्यम से परिचय बढ़ाकर शादी का झांसा देने तथा व्यक्तिगत जानकारी एवं फोटो वायरल करने की धमकी देकर 1 लाख 67 हजार रुपये की कथित ठगी करने के मामले में थाना छुईखदान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहित यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 290/2026, धारा 308(2), 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
शादी का झांसा देकर हासिल की निजी जानकारी
पुलिस के अनुसार प्रार्थिया ने जून 2026 में जीवनसाथी एप पर अपने नाम से आईडी बनाई थी। इसी माध्यम से उसकी पहचान आरोपी रोहित यादव से हुई। दोनों के बीच बातचीत के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर प्रार्थिया से शादी करने की बात कही और इसी विश्वास का लाभ उठाकर उसकी व्यक्तिगत जानकारी एवं फोटो प्राप्त कर लिए। इसके बाद आरोपी द्वारा निजी जानकारी एवं फोटो वायरल करने की धमकी देकर प्रार्थिया को भयभीत किया गया तथा फोन-पे के माध्यम से दिनांक 06 जुलाई 2026 को कुल 1,67,000 रुपये प्राप्त किए गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना के संबंध में प्रार्थिया ने 08 अगस्त 2026 को थाना छुईखदान में लिखित शिकायत प्रस्तुत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपी रोहित यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद 10 अगस्त 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर विवेचना आगे जारी है। उक्त कार्रवाई में थाना छुईखदान पुलिस स्टाफ एवं साइबर सेल केसीजी का सराहनीय योगदान रहा।

