खैरागढ़। पिपलाकछार प्राथमिक शाला परिसर में एक भावुक और प्रेरणादायी पहल देखने को मिली। दाऊचौरा निवासी स्वर्गीय लोकेश देवांगन की स्मृति में उनकी 6 वर्षीय पुत्री साची देवांगन ने पौधरोपण किया। नन्हीं साची ने पौधा लगाकर अपने पिता की स्मृति को प्रकृति से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।lपौधरोपण के दौरान साची ने विद्यालय परिसर में पौधा रोपा और उसमें मिट्टी डालकर उसे सहेजने की शुरुआत की। इस अवसर पर साची ने स्कूल के बच्चों को चॉकलेट भी बांटी, जिससे बच्चों में खासा उत्साह और खुशी देखने को मिली। पौधरोपण के साथ बच्चों के बीच खुशियां बांटने की इस पहल ने कार्यक्रम को और खास बना दिया। मौजूद लोगों ने कहा कि अपनों की यादों को संजोने के कई तरीके हो सकते हैं, लेकिन पौधा लगाकर उसकी देखभाल करना आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्थायी संदेश छोड़ता है। आज लगाया गया यह पौधा जैसे-जैसे बड़ा होगा, वैसे-वैसे साची के पिता की स्मृति भी विद्यालय परिसर में जीवित रहेगी. विद्यालय परिसर में हुए इस आयोजन ने बच्चों और ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का भी काम किया। उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधे की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुन्ना लाल देवांगन, प्रधानपाठक हेमलाल साहू, शिक्षक डेविड कुमार मार्शल, श्रवण कुमार पटेल और प्रदीप कुमार ग्रामीण बसन्त देवांगन, बैनलाल कंवर ,लक्ष्मण मरकाम सहित विद्यालय के बच्चे मौजूद रहे।

