खैरागढ़। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर अपनी सक्रियता तेज कर दी है। रविवार को जिला भाजपा कार्यालय, पिपरिया खैरागढ़ में भाजयुमो की महत्वपूर्ण जिला बैठक आयोजित हुई, जिसमें ‘ज्वाइन BJYM’, तिरंगा यात्रा सहित आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तारपूर्वक रणनीति तैयार की गई। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष बिसेसर साहू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, भाजयुमो जिला प्रभारी मोनू बहादुर सिंह एवं सहप्रभारी अशोक वर्मा का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने युवा कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए अनुशासन, समर्पण और सक्रियता के साथ बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। नेताओं ने कहा कि भाजपा की ताकत उसका मजबूत संगठन और युवा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी है। आने वाले समय में युवा मोर्चा की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होगी।

युवाओं को जोड़ने और संगठन विस्तार पर जोर
बैठक में अधिक से अधिक युवाओं को भारतीय जनता युवा मोर्चा से जोड़ने, संगठन की गतिविधियों को गांव-गांव और मंडल स्तर तक प्रभावी बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया। ‘ज्वाइन BJYM’ अभियान के माध्यम से युवाओं को संगठन से जोड़ने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। वहीं तिरंगा यात्रा को लेकर भी कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। बैठक में यात्रा को प्रभावी एवं व्यापक बनाने तथा अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। भाजयुमो जिला अध्यक्ष आयश सिंह बोनी ने कहा कि युवा मोर्चा संगठन की ऊर्जा और ताकत है। जिले में भाजयुमो को और अधिक सक्रिय बनाते हुए संगठन के कार्यक्रमों को धरातल तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ काम करेंगे। बैठक में ललित चोपड़ा, ऋषभ सिंह, प्रेमसागर गुप्ता, विक्रांत चंद्राकर, जिला महामंत्री द्वय, अर्जुन क्षत्रिय, पेमेंद्र चंदेल, कमलेश साहू, जयप्रकाश साहू, अनीश सिंह सहित जिला पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री एवं बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का सफल संचालन जिला महामंत्री प्रेमसागर गुप्ता ने किया। अंत में जिलाध्यक्ष आयश सिंह बोनी ने वरिष्ठजनों एवं सभी पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए एकजुट होकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और युवा शक्ति को भाजपा के पक्ष में प्रभावी ढंग से सक्रिय करने का आह्वान किया।

