रायपुर।सोन कुमार सिन्हा - भारतीय जनता पार्टी ने संगठन विस्तार और सामाजिक समन्वय को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए रायपुर नगर के डीडी नगर वार्ड निवासी राहुल हरितवाल को भाजपा रायपुर जिला एनजीओ प्रकोष्ठ का जिला संयोजक नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और सामाजिक संगठनों में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेतृत्व ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में एनजीओ प्रकोष्ठ समाजसेवी संस्थाओं और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सेवा गतिविधियों को नई दिशा देगा। राहुल हरितवाल लंबे समय से भाजपा के सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन से जुड़े रहे हैं। पार्टी के जनसंपर्क अभियानों, सेवा कार्यों, संगठनात्मक कार्यक्रमों और सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन का मानना है कि उनकी कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता और जनसंपर्क कौशल संगठन को और अधिक मजबूत बनाएंगे। राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ राहुल हरितवाल सामाजिक क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय रहे हैं। वे छत्तीसगढ़ सेवा कल्याण परिषद (NGO) के प्रांतीय सदस्य हैं तथा रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और जरूरतमंद परिवारों की सहायता जैसे अनेक जनकल्याणकारी अभियानों से जुड़े रहे हैं। धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। नई जिम्मेदारी मिलने पर राहुल हरितवाल ने भाजपा प्रदेश एवं जिला नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भाजपा की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में चल रही सेवा और विकास की सोच को जन-जन तक पहुंचाने में एनजीओ प्रकोष्ठ प्रभावी भूमिका निभाएगा तथा समाजहित के कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी। भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने राहुल हरितवाल को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में रायपुर जिला एनजीओ प्रकोष्ठ सेवा आधारित राजनीति और सामाजिक सरोकारों को नई मजबूती प्रदान करेगा।
Loading...

