डोंगरगढ़। सोन कुमार सिन्हा - भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, छत्तीसगढ़ ने संगठनात्मक विस्तार के तहत राजनांदगांव जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए बिलासपुर संभाग का सहप्रभारी नियुक्त किया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के बाद राजनांदगांव सहित पूरे क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है। भाजपा संगठन ने यह जिम्मेदारी श्रीमती साहू के लंबे राजनीतिक अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण और सक्रिय कार्यशैली को देखते हुए सौंपी है। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके नेतृत्व में बिलासपुर संभाग में महिला मोर्चा को नई ऊर्जा मिलेगी और संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी।
गांव की सरपंच से संभाग सहप्रभारी तक का सफर
श्रीमती किरण साहू ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत अपने गृह ग्राम बछेराभाटा की सरपंच के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में संगठन में लगातार कार्य किया और अपनी मेहनत व समर्पण के बल पर अलग पहचान बनाई। वे डोंगरगढ़ जनपद पंचायत की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। साथ ही दो बार भाजपा महिला मोर्चा, राजनांदगांव की जिला अध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूत करने, महिला कार्यकर्ताओं को जोड़ने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्तमान में वे राजनांदगांव जिला पंचायत की उपाध्यक्ष हैं और जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
कार्यकर्ताओं ने जताया विश्वास
भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि किरण साहू की नई नियुक्ति उनके संगठनात्मक कौशल और वर्षों की मेहनत का सम्मान है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में बिलासपुर संभाग में महिला मोर्चा और अधिक सशक्त होगा तथा पार्टी संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी।
शीर्ष नेतृत्व के प्रति जताया आभार
नई जिम्मेदारी मिलने पर श्रीमती किरण साहू ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री पवन साय, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री अजय जामवाल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडेय, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत सहित सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का विश्वास दिलाया।

