रायपुर।सोन कुमार सिन्हा - पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा सुरक्षा और सम्मान को लेकर छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट ऑर्गनाइजेशन (CJO) ने बड़ा कदम उठाते हुए रविवार को तेलीबांधा स्थित कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में प्रदेशभर से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों और सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया तथा पत्रकार हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में संगठन को निष्पक्ष, सक्रिय और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि बदलते दौर में पत्रकारों के समक्ष अनेक चुनौतियां हैं। ऐसे समय में एक सशक्त संगठन की आवश्यकता है, जो पत्रकारों की आवाज बनकर उनके अधिकारों की रक्षा करे और उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाए। सर्वसम्मति से व्यास पाठक को संगठन का अध्यक्ष, योगेश शर्मा को सचिव, आशीष कंठले को कोषाध्यक्ष, बसंत कुमार सचदेवा को उपाध्यक्ष, प्रीतपाल कुर्रे को संयुक्त सचिव तथा शंकर एवं हरीश तिवारी को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया। बैठक में वरिष्ठ पत्रकार गंगेश द्विवेदी, दिगम्बर तिवारी, सुरेंद्र सोनी, अभिनव सोनी और पीयूष शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने संगठन के विस्तार, जिला एवं ब्लॉक स्तर तक इकाइयों के गठन और अधिक से अधिक पत्रकारों को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया।नवनियुक्त अध्यक्ष व्यास पाठक ने कहा कि संगठन किसी भी पत्रकार के साथ होने वाले अन्याय, उत्पीड़न या अधिकारों के हनन के मामलों में मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सचिव योगेश शर्मा ने संगठन को पारदर्शी और सक्रिय ढंग से संचालित करने, नियमित बैठकों के माध्यम से जनहित और पत्रकार हित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का भरोसा दिलाया। वहीं कोषाध्यक्ष आशीष कंठले ने वित्तीय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सदस्यता अभियान को गति देने की बात कही। उपाध्यक्ष बसंत कुमार सचदेवा ने संगठन को प्रदेश में पत्रकारों का मजबूत मंच बनाने का संकल्प दोहराया। बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही प्रदेशव्यापी सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा। साथ ही पत्रकार सुरक्षा कानून, पत्रकार कल्याण बोर्ड के गठन, स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और युवा पत्रकारों को प्रोत्साहन जैसे मुद्दों को लेकर शासन के समक्ष प्रभावी पहल की जाएगी। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने पत्रकार एकता, निष्पक्ष पत्रकारिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया तथा नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।
Loading...

