डोंगरगढ़। सोन कुमार सिन्हा - प्रशासनिक फेरबदल के तहत डोंगरगढ़ को नया अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मिल गया है। आईएएस अधिकारी एम. भार्गव के स्थानांतरण के बाद डिप्टी कलेक्टर विश्वास कुमार ने एसडीएम का पदभार संभाल लिया। इस अवसर पर नगर के धार्मिक ट्रस्टों और सामाजिक संगठनों ने नए एसडीएम का गर्मजोशी से स्वागत किया, वहीं स्थानांतरित एसडीएम एम. भार्गव को भावभीनी विदाई देते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर विश्वास कुमार का अभिनंदन किया तथा डोंगरगढ़ के विकास, बेहतर प्रशासन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर उनसे सकारात्मक अपेक्षाएं व्यक्त कीं। वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक एवं पर्यटन नगरी डोंगरगढ़ में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, धार्मिक स्थलों के संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रशासन और समाज के बीच मजबूत समन्वय बेहद जरूरी है। नवपदस्थ एसडीएम विश्वास कुमार ने सभी संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन जनसहभागिता के साथ नगर के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी विभागों और सामाजिक संस्थाओं के समन्वय से जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा डोंगरगढ़ को स्वच्छ, व्यवस्थित और विकासशील बनाने के लिए प्रभावी पहल की जाएगी। इस अवसर पर प्रज्ञागिरि ट्रस्ट समिति, जटाशंकर मंदिर ट्रस्ट समिति, गुरुघासीदास सतनाम रावटी ट्रस्ट, खाटू श्याम मंदिर निर्माण समिति, कारीपाठ मंदिर ट्रस्ट समिति और नागदेवता मंदिर ट्रस्ट समिति के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन के साथ मिलकर नगर विकास और जनहित के कार्यों में निरंतर सहयोग देने का संकल्प दोहराया।
Loading...

