डोंगरगढ़। सोन कुमार सिन्हा - नगर के लिए गर्व और खुशी की बात है कि सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र जयप्रकाश मोहबे तथा खालसा पब्लिक स्कूल की छात्रा भव्या अग्रवाल का चयन प्रतिष्ठित प्रयास आवासीय विद्यालय में हुआ है। दोनों मेधावी विद्यार्थियों ने डोंगरगढ़ स्थित प्रयास कोचिंग सेंटर से मार्गदर्शन लेकर प्रवेश परीक्षा की तैयारी की और अपनी मेहनत के दम पर यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। इस उपलब्धि से दोनों विद्यार्थियों के परिवारों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और नगरवासियों में उत्साह का माहौल है। सभी ने दोनों प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों ने कहा कि यह सफलता नियमित अध्ययन, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत का परिणाम है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। प्रयास कोचिंग सेंटर के शिक्षकों ने बताया कि सही मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और विद्यार्थियों की लगन ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नगरवासियों ने भी दोनों होनहार छात्रों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता डोंगरगढ़ की उभरती शैक्षणिक प्रतिभा और बेहतर शिक्षा वातावरण का प्रमाण है। भव्या अग्रवाल और जयप्रकाश मोहबे की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार का बल्कि पूरे डोंगरगढ़ का गौरव बढ़ाया है। दोनों विद्यार्थियों की सफलता से क्षेत्र के अन्य छात्रों को भी प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नई प्रेरणा मिलेगी।
Loading...

