खैरागढ़। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस जिला केसीजी द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई की गई। वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त निर्देशों के अनुसार खैरागढ़ यातायात पुलिस ने जनजागरूकता अभियान के उपरांत विशेष चेकिंग अभियान चलाया। मुख्य टेंपो चौक में की गई चेकिंग के दौरान नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने के 09 प्रकरण, बिना लाइसेंस वाहन चलाने के 07 प्रकरण तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के 05 मामलों में कुल 21 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। इस दौरान मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत कुल ₹28,100 का समन शुल्क वसूला गया। नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए देने वाले वाहन स्वामियों से विशेष रूप से ₹1000-₹1000 का अर्थदंड वसूला गया। यातायात पुलिस द्वारा पिछले एक माह से लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम चलाकर आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा था। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। जिला पुलिस केसीजी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन कर पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
Loading...

