
खैरागढ़। जिला केसीजी में यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग के संयुक्त प्रयास से थाना छुईखदान के सामने एक दिवसीय आरटीओ पेपर अपडेट शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों के दस्तावेज बनवाने पहुंचे और इसका लाभ उठाया।शिविर के दौरान लर्निंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) एवं HSRP नंबर प्लेट सहित विभिन्न दस्तावेज मौके पर ही बनाए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 254 लोग लाभान्वित हुए, जिनमें लर्निंग लाइसेंस 165, बीमा 26, प्रदूषण 37 और HSRP नंबर प्लेट 26 शामिल हैं। इस दौरान पुलिस टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया गया, जिसमें लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की गई। शिविर में आए लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया, जिससे उन्हें काफी सहूलियत मिली। लोगों ने इस पहल के लिए केसीजी पुलिस एवं परिवहन विभाग का आभार व्यक्त किया। पुलिस विभाग ने कहा कि जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के शिविर आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आमजन को सुविधा मिल सके।


