खैरागढ़ - जिला केसीजी पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने थाना गातापार क्षेत्र में पहाड़ी जंगल के रास्ते मवेशियों को कत्लखाने ले जाते हुए आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुदरत खान 32 वर्ष निवासी टीमकीटोला थाना बहेला जिला बालाघाट मध्यप्रदेश और भुनेश्वर बघेल 35 वर्ष निवासी गाडाघाट थाना गातापार जिला केसीजी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी दो नग भैंस/पड़वा को खैरागढ़ की ओर से जंगल मार्ग से नागपुर (महाराष्ट्र) स्थित कत्लखाने ले जा रहे थे। मवेशियों के पैर और गले में प्लास्टिक की रस्सी बांधकर बिना चारा-पानी के लाठी-डंडे से मारते हुए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से 1 नग भैंस 1 नग पड़वा (कुल कीमत लगभग ₹11,000) 3 नग प्लास्टिक रस्सी होंडा शाइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 MU 0414, कीमत लगभग ₹30,000 को जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 14/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है। आदेशानुसार उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा। केसीजी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में पशु तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Loading...

