खैरागढ़ - जिलेवासियों को त्वरित और बेहतर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राज्य शासन ने 108 संजीवनी एक्सप्रेस सेवा के तहत जिले को 5 नई अत्याधुनिक एम्बुलेंस प्रदान की हैं। इनमें 1 एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) और 4 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एम्बुलेंस शामिल हैं। इन एम्बुलेंसों का शुभारंभ कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका खम्हन ताम्रकार, सांसद प्रतिनिधि खम्मन ताम्रकार, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गिरजा चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. शैलेन्द्र त्रिपाठी, कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं सीईओ जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया. नई एम्बुलेंसों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बीएलएस एम्बुलेंस में बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ईसीजी मॉनिटर, ग्लूकोमीटर, ऑक्सीजन सपोर्ट और नेब्यूलाइजर जैसी आवश्यक सुविधाएं मौजूद हैं। वहीं एएलएस एम्बुलेंस में गंभीर मरीजों के लिए पोर्टेबल वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर मॉनिटर, सिरिंज पंप और लैरिंगोस्कोप जैसे उन्नत उपकरण लगाए गए हैं. कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री सोनल ध्रुव, जिला लेखा प्रबंधक नवीन चौहान, जिला डेटा प्रबंधक खिलेश साहू सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं मितानिन बहनों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर बताया गया कि इन एम्बुलेंस सेवाओं के शुरू होने से गंभीर मरीजों को समय पर जीवनरक्षक उपचार मिल सकेगा, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में मृत्यु दर में कमी आएगी और उपचार की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी होगी। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में 108 एम्बुलेंस सेवा का अधिकतम उपयोग करें। नई संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और रेफरल प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी।
Loading...

