खैरागढ़ - जिले के जालबांधा क्षेत्र में शनि मंदिर के पास स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में सोमवार सुबह करीब 11 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री से घना, जहरीला और अत्यधिक ज्वलनशील धुआँ उठने लगा, जिसने कुछ ही देर में आसमान में विशाल गुब्बारे का रूप ले लिया। धुएँ का गुबार लगभग 20 किलोमीटर दूर तक दिखाई देने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धुआँ इतना घना था कि आसपास के क्षेत्रों में कुछ समय के लिए बादलों जैसा दृश्य बन गया और लोगों को बारिश होने का आभास होने लगा। स्थानीय ग्रामीणों ने आंखों और गले में तेज जलन की शिकायत की, जिससे गांवों में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। चार फायर ब्रिगेड वाहन आग पर काबू पाने में जुटे रहे। केमिकल फैक्ट्री होने के कारण आग बुझाने में काफी दिक्कतें सामने आईं। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को खाली कराने की तैयारी भी की गई। थाना प्रभारी घुमका विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है तथा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अभी तक किसी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुछ कर्मचारियों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आग लगने के दौरान फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकलने से रोका गया। हालांकि प्रशासन ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच का आश्वासन दिया है। केमिकल के जलने से वातावरण प्रदूषित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि धुएँ का रुख ऊपर आसमान की ओर रहा। यदि हवा गांवों की दिशा में बहती तो बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल से दूर रहें, अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।
Loading...

