
खैरागढ़। नगर पालिका में पदस्थ सहायक राजस्व निरीक्षक मेघनाथ चंद्रवंशी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए इस हादसे के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के पश्चात राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मेघनाथ चंद्रवंशी (36 वर्ष), पिता रेखराम चंद्रवंशी, निवासी मानिकपुर, डोंगरगढ़ (जिला राजनांदगांव), शनिवार को ग्राम खपरी सरदार स्थित अपनी बहन के घर बाइक से गए थे। रविवार रात करीब 8 बजे वे खैरागढ़ लौट रहे थे, तभी अमलीडीह खुर्द के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों ने संजीवनी एक्सप्रेस 108 को सूचना दी। एंबुलेंस के जरिए उन्हें जिला अस्पताल खैरागढ़ लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि उनके दाहिने हाथ की एक उंगली गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई है तथा दाहिने पैर में फ्रैक्चर है। स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव शासकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका के कर्मचारी जिला अस्पताल पहुंच गए और परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की जांच जारी है।

