छुईखदान | अंकित महोबिया - एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) सर्वे के नाम पर मतदाता सूची से नाम काटे जाने को लेकर जिले में मचे विवाद के बीच सोमवार को एसडीएम कार्यालय में अहम पेशी हुई। इस दौरान 96 वर्षीय नूरजहां बेगम स्वयं उपस्थित होकर अधिकारियों के समक्ष पेश हुईं और अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पेशी में मौजूद नूरजहां बेगम ने कहा, “साहब ने मान लिया कि मैं जिंदा हूं।” उल्लेखनीय है कि वार्ड क्रमांक 10 की निवासी नूरजहां बेगम पत्नी स्वर्गीय रफीक अहमद के संबंध में शिकायतकर्ता द्वारा फर्जी रूप से मृत घोषित करने की शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिससे नगर सहित पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया था। नूरजहां बेगम ने बताया कि उनकी उम्र उस समय 17 वर्ष थी जब देश आज़ाद हुआ। उन्होंने आज़ादी को अपनी आंखों से देखा है। वे साक्षर महिला हैं और स्वयं एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उनके पति स्वर्गीय रफीक अहमद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान में मलेरिया इंस्पेक्टर के पद पर वर्षों तक सेवाएं देकर यहीं से सेवानिवृत्त हुए थे। हैरानी की बात यह रही कि जिन लोगों ने नूरजहां बेगम को मृत बताए जाने की शिकायत की थी, वे स्वयं पेशी में उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने शिकायतकर्ताओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने के बाद खैरागढ़-छुईखदान-गंडई क्षेत्र में मुस्लिम समाज के लोगों के खिलाफ शिकायतों की बाढ़ आ गई थी। इससे समाज में भय का माहौल बन गया। कई लोग मानसिक तनाव में आ गए, कुछ की तबीयत तक बिगड़ गई। पेशी के दौरान छुईखदान के राजा देवराज किशोर दास भी एसडीएम कार्यालय पहुंचे और मुस्लिम समाज के लोगों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि “जो छुईखदान का निवासी है, उसका नाम यहीं रहेगा, किसी का भी नाम नहीं काटा जाएगा।” उन्होंने बताया कि मुस्लिम समाज के लोग लगभग 150 वर्ष पहले सेवा के उद्देश्य से यहां आए थे और 1904 में तत्कालीन राजा द्वारा बनाई गई मस्जिद इसका प्रमाण है, जो आज भी वार्ड क्रमांक 5 पठान मोहल्ला में स्थित है। डर और असमंजस का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई लोग सुबह 10 बजे से ही छोटे-छोटे बच्चों को लेकर कार्यालय पहुंच गए। एक महिला अपनी एक माह की बच्ची को लेकर पेशी में पहुंची और बताया कि पिछले एक महीने से परिवार मानसिक तनाव में है। मुस्लिम समाज ने धनीराम पाल, मुकेश देवांगन, नवीन श्रीवास और जमुना चौक निवासी शिकायतकर्ताओं पर कार्रवाई की मांग की है। समाज ने इस मामले में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री तक शिकायत भेजने का निर्णय भी लिया है। पेशी के दौरान राजा देवराज किशोर दास, मुस्लिम समाज जिला अध्यक्ष सज्जाक खान, निजामुद्दीन शेख, इब्राहिम शेख, इमरान खान, पप्पू भाई, रेहान खान, सैयद आबिद अली, जफर अली, माजिद अली, साजिद अली, हाफिज इलियास अहमद रिज़वी, वसीम खान, अमजद खान, इस्माइल खान सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं और नगरवासी उपस्थित रहे।
Loading...

