छुईखदान। अंकित महोबिया - नगर क्षेत्र में इन दिनों सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नागरिकों में चिंता बढ़ती नजर आ रही है। नवागांव रोड में पिछले लगभग पंद्रह दिनों से कुछ बाहरी लोगों द्वारा डेरा डालकर रहने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार इन व्यक्तियों की पहचान, स्थायी निवास और यहां रहने की अनुमति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, जिससे आसपास के रहवासियों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अब तक संबंधित लोगों का पुलिस या प्रशासन की ओर से सत्यापन नहीं किया गया है। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते पहचान और दस्तावेजों की जांच नहीं की गई तो भविष्य में चोरी या अन्य आपराधिक घटनाओं की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों एवं वार्डवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नवागांव रोड में रह रहे बाहरी व्यक्तियों के आधार कार्ड सहित अन्य पहचान दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि उन्हें क्षेत्र में रहने की अनुमति किसके द्वारा दी गई है. इधर कंडरा पारा क्षेत्र में भी सुबह और शाम कुछ लोगों द्वारा शराब एवं गांजा सेवन कर खुलेआम गाली-गलौज और हंगामा करने की शिकायतें सामने आई हैं। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि इस कारण क्षेत्र का वातावरण प्रभावित हो रहा है तथा महिलाओं और बच्चों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। नगरवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त अपेक्षाकृत कम नजर आ रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जाए और नशाखोरी तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा और शांति का माहौल कायम रह सके। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में पुलिस प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी।
Loading...

