खैरागढ़ - अंकित महोबिया ! ग्राम कटंगी में शीतलाल निर्मलकर से जुड़े सामाजिक बहिष्कार के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए त्वरित हस्तक्षेप किया। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) की संयुक्त उपस्थिति में ग्राम पंचायत भवन में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम सरपंच, पंचगण, निर्मलकर समाज के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे. बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी व्यक्ति या परिवार का सामाजिक बहिष्कार करना, दबाव बनाना अथवा सामुदायिक भेदभाव करना कानूनन दंडनीय अपराध है. ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने दो टूक कहा कि गांव की शांति और सामाजिक समरसता से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के विवाद, मतभेद या सामाजिक असहमति की स्थिति में कानून हाथ में लेना उचित नहीं है. समस्याओं का समाधान संवाद, आपसी सहमति तथा पंचायत एवं प्रशासनिक माध्यमों से ही किया जाना चाहिए। बैठक में सभी पक्षों की बातें गंभीरता से सुनी गईं और आपसी समझ एवं सहयोग से विवाद सुलझाने पर बल दिया गया. इस दौरान ग्राम सरपंच एवं समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी. ग्रामीणों ने भी गांव में आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांति बनाए रखने का संकल्प दोहराया. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि सामने आने पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी.
Loading...

