खैरागढ़ । अंकित महोबिया - स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत राज्यपाल के गोद ग्राम सोनपुरी में चल रहे स्वच्छता अभियान का निरीक्षण किया गया। इस दौरान राज्य सलाहकार डॉ. रुपेश राठौर एवं श्रीमती अभिलाषा आनंद ने ग्राम भ्रमण कर स्वच्छता कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और ग्रामीणों के साथ संवाद कर अभियान की समीक्षा की। ग्रामीणों ने जानकारी दी कि गांव में प्रत्येक शनिवार डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण किया जाता है तथा प्रति परिवार 20 रुपये मासिक शुल्क लिया जाता है। साथ ही सामुदायिक शौचालय का संचालन एवं प्रबंधन भी ग्राम स्तर पर किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान राज्य सलाहकारों ने कचरा संग्रहण व्यवस्था, सामुदायिक शौचालय एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई का अवलोकन किया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत कार्यों के सुचारू संचालन हेतु स्वच्छाग्राही दीदियों को प्रोत्साहित किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ग्राम भ्रमण के दौरान वार्ड क्रमांक 06 एवं 07 में कुछ घरों से निकलने वाले ग्रे-वॉटर के समुचित प्रबंधन के लिए सामुदायिक सोखपीट (शोकपीट) निर्माण के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए जनभागीदारी से अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
Loading...

