खैरागढ़ - जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में नार्को कोऑर्डिनेशन (NCORD) जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में नशा तस्करी, नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए. कलेक्टर ने कहा कि नशा सिर्फ अपराध नहीं बल्कि समाज और भविष्य के लिए गंभीर खतरा है. इसे जड़ से खत्म करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें. बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी मेडिकल स्टोर्स में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य किए जाएंगे. नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड नियमित जांच के दायरे में रहेगा, ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई हो सके. युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया गया. स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित कर नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी. इसके साथ ही नशे की तस्करी और परिवहन में संलिप्त तत्वों पर त्वरित व कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार के लिए कोई जगह नहीं छोड़ी जाएगी. बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सुमन राज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
Loading...

