खैरागढ़ : जिला केसीजी पुलिस द्वारा जुआ, सट्टा एवं अवैध शराब जैसी सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। अपराधों पर अंकुश लगाने तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में छुईखदान पुलिस ने विगत तीन दिनों में अलग-अलग मामलों में 2 सटोरियों एवं 14 जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नगदी एवं जुआ सामग्री जब्त की है। ग्राम लक्ष्मणपुर भांठापारा एवं वार्ड क्रमांक 03 बैरागीपारा, छुईखदान में रेड कार्रवाई कर दिनेश तिवारी उर्फ दिना (49 वर्ष) एवं भुवन शर्मा उर्फ पक्का (52 वर्ष) को सट्टा-पट्टी लिखते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से 2 सट्टा-पट्टी, 2 डॉट पेन तथा ₹3010 नगद जब्त की गई। दोनों के विरुद्ध धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया। इसी तरह दिनांक 09 जनवरी को पानी टंकी के पास टेकापार काला एवं डुमराही खार क्षेत्र में रेड कर 8 जुआरियों को पकड़ा गया। इनके पास से ₹8650 नगद एवं जुआ सामग्री जब्त कर धारा 3(2) छ.ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं दिनांक 11 जनवरी को ग्राम घिरघोली नदी किनारे राधेश्याम के खेत में दबिश देकर 6 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में नीलेश वर्मा (27), दुखित निषाद (40), जगन्नाथ वर्मा (36), हुसैन कुमार जोशी (30), खेमलाल जंघेल (28) एवं मोतीदास मानिकपुरी (55 वर्ष) शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से ₹7200 नगद एवं जुआ सामग्री जब्त की गई। छुईखदान पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जुआ, सट्टा, अवैध शराब अथवा किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
Loading...

