डोंगरगढ़। सोन कुमार सिन्हा - छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग एवं एलिम्को (Artificial Limbs Manufacturing Corporation of India) के संयुक्त तत्वावधान में डोंगरगढ़ स्थित कृषि उपज मंडी प्रांगण में वरिष्ठ नागरिकों के लिए गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के तीन विकासखण्ड डोंगरगढ़, डोंगरगांव और छुरिया के चिन्हांकित 300 वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क जीवन सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव रहीं, जबकि अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनिता मंडावी, श्रीमती लता सिन्हा, सुरेश साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन समाज कल्याण विभाग के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि धर्म नगरी डोंगरगढ़ में आयोजित यह आयोजन संवेदनशील शासन और सेवा भावना का प्रतीक है। अतिथियों ने आयोजन समिति एवं विभागीय अधिकारियों को सफल आयोजन के लिए साधुवाद दिया। एक माह पूर्व जिले के समस्त विकासखंडों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रमाणन शिविर आयोजित किए गए थे, जिनमें पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन किया गया। उसी के आधार पर सोमवार को 36 लाख रुपये से अधिक की लागत के उपकरणों का वितरण किया गया। वितरित सामग्री में श्रवण यंत्र, वॉकिंग स्टिक, फोल्डिंग वॉकर, व्हीलचेयर, स्टूल विद कमोड, सर्वाइकल कॉलर, एलएस बेल्ट, स्पाइनल सपोर्ट, पॉलिमर जेल कुशन, फूड केयर किट सहित अन्य आवश्यक उपकरण शामिल थे। उपकरण प्राप्त कर कई बुजुर्ग भावुक हो उठे और सजल नयनों से जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, पंच-सरपंच एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाज कल्याण बोर्ड की श्रीमती वैशाली मंडरवार, जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती भगवती साहू, एलिम्को के प्रबंधक नितिन माहौर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सफल आयोजन में समाज कल्याण बोर्ड एवं एलिम्को का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में समाज कल्याण विभाग के प्रमुख कलाकार बिरसिंह साहू एवं बालकृष्ण बाघेल ने आभार प्रदर्शन किया।
Loading...


