खैरागढ़। खैरागढ़ ब्लॉक से एक अत्यंत मार्मिक और स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है। पढ़ने-लिखने की उम्र में सपनों को संजोने वाली एक 15 वर्षीय छात्रा ने ऐसा कदम उठा लिया जिसने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया। मासूम जिंदगी का यूं अचानक थम जाना हर किसी को सोचने पर मजबूर कर रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कक्षा 8वीं में अध्ययनरत छात्रा ने बीती रात लगभग 8 बजे अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना से पहले उसने अपने पिता को चाय बनाकर दी और फिर पढ़ाई करने की बात कहकर अपने कमरे में चली गई। उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। जब देर रात भोजन के समय परिजनों ने उसे आवाज दी और दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। आशंका होने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। कमरे के अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए छात्रा अपनी मां की साड़ी के सहारे कमरे के मेयार से फांसी पर झूल रही थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्यवाही के बाद जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। एक नाबालिग छात्रा का इस तरह असमय जीवन समाप्त कर लेना कई सवाल छोड़ गया है। जरूरत है कि समाज परिवार और शैक्षणिक संस्थान मिलकर बच्चों की मानसिक स्थिति और भावनात्मक स्थिति पर गंभीरता से ध्यान दें ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
Loading...

