खैरागढ़। बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। केसीजी महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आरती महोबिया ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, CNG और रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों का सीधा असर जनता की जेब पर पड़ रहा है। आरती महोबिया ने कहा कि हाल ही में पेट्रोल-डीजल के दामों में लगभग 3 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी ने आम आदमी, किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों, बस ऑपरेटरों और मध्यम वर्गीय परिवारों की परेशानी और बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि ईंधन महंगा होने का असर सिर्फ पेट्रोल पंप तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका सीधा असर परिवहन, खाद्य सामग्री, सब्जी, दूध, दवाई, स्कूल फीस, किराया और खेती-किसानी तक हर क्षेत्र पर पड़ता है।उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें नियंत्रण में हैं, तो भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार क्यों बढ़ रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता पर टैक्स का बोझ डालकर अपनी आर्थिक विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है। महोबिया ने कहा कि चुनाव के समय महंगाई कम करने और राहत देने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज हालात यह हैं कि हर घर का बजट बिगड़ चुका है और आम जनता आर्थिक संकट से जूझ रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल पर लगाए गए अतिरिक्त करों में तत्काल कमी कर जनता को राहत देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता, किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग की आवाज उठाती रही है और आगे भी महंगाई के मुद्दे पर मजबूती से जनता के साथ खड़ी रहेगी।
Loading...

