राजनांदगांव।सोन कुमार सिन्हा - छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष, भाजपा के पूर्व संगठन मंत्री और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक रूपनारायण सिन्हा के निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके आकस्मिक निधन को राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। जीवनभर राष्ट्रसेवा, संगठन निर्माण, योग और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार में सक्रिय रहे सिन्हा ने अपने कार्यों से प्रदेश की सार्वजनिक और सामाजिक जिंदगी में अलग पहचान बनाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि रूपनारायण सिन्हा ने संगठन निर्माण, जनसेवा और भारतीय संस्कृति के संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उनका इस तरह अचानक चले जाना अत्यंत पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज ने एक अनुशासित, सेवाभावी और समर्पित व्यक्तित्व को खो दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि रूपनारायण सिन्हा सरल, सौम्य और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनका समर्पण सदैव प्रेरणादायी रहेगा। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि उनका निधन संगठन और समाज के लिए बड़ी क्षति है। एक कर्मठ कार्यकर्ता और कुशल मार्गदर्शक के रूप में उनका व्यक्तित्व हमेशा कार्यकर्ताओं को प्रेरित करता रहेगा।प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि स्वर्गीय सिन्हा का व्यक्तित्व सौम्य, सरल और समर्पित था। योग आयोग के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने प्रदेश में योग और स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि रूपनारायण सिन्हा राष्ट्रसेवा के जीवंत प्रतीक थे। उन्होंने जीवनभर संघ और संगठन के माध्यम से राष्ट्र उत्थान, गरीबों एवं वंचित वर्गों की सेवा तथा योग के प्रचार-प्रसार के लिए कार्य किया। उनका सादगीपूर्ण जीवन, अनुशासन और समाज के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
Loading...

