खैरागढ़। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ केसीजी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटी शराब की बॉटलिंग और रिफिलिंग करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने राजपूत ढाबा के पास किराए के मकान में दबिश देकर शराब भट्ठी के सेल्समेन समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 34 लीटर अंग्रेजी शराब, सैकड़ों नकली ढक्कन, लेबल और होलोग्राम बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि खैरागढ़ में राजपूत होटल के बाजू स्थित एक मकान में अवैध रूप से शराब में पानी मिलाकर बॉटलिंग और रिफिलिंग कर बिक्री की जा रही है। सूचना पर थाना खैरागढ़ और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने छापा मारकर भागवत वर्मा और त्रिलोक यादव को रंगे हाथ पकड़ लिया। पूछताछ में अन्य दो आरोपियों शक्ति नारायण सिंह और तिपेश कुमार सोनी की संलिप्तता सामने आई। जांच में आरोपियों ने शराब में मिलावट कर दोबारा पैकिंग कर बिक्री करना स्वीकार किया। पुलिस ने मौके से 130 पौवा गोवा स्पेशल व्हिस्की, 67 खाली बोतलें, 203 ढक्कन, 720 लेबल स्टीकर, होलोग्राम, जेरिकेन और अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त शराब और सामग्री की कुल कीमत लगभग 22 हजार 320 रुपए बताई गई है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Loading...

