खैरागढ़ - अंकित महोबिया - केंद्र सरकार की रैंप (RAMP) योजना के अंतर्गत जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के पर्यटन केंद्र छिंदारी में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों के लिए सेक्टर स्पेसिफिक तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय भारत सरकार तथा राज्य शासन की उद्यमिता प्रोत्साहन पहल के तहत सीएसआईडीसी रायपुर के बैनर तले चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में 30 उद्यमियों, जिनमें महिला उद्यमी भी शामिल रहीं, ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना, स्वरोजगार के अवसर सृजित करना तथा प्रतिभागियों को व्यवहारिक एवं तकनीकी ज्ञान उपलब्ध कराना रहा। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस प्रतिभागियों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी वर्तमान गतिविधियों, कार्य प्रणाली एवं चुनौतियों की जानकारी ली गई। मास्टर ट्रेनर द्वारा वन-टू-वन मार्गदर्शन के माध्यम से संस्थागत ढांचे, अनुभवों और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। द्वितीय दिवस केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, सब्सिडी प्रावधानों, ईडीपी प्रशिक्षण, कौशल विकास, मार्केटिंग रणनीतियों तथा उद्यम पंजीयन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अंतिम दिवस आयात-निर्यात रणनीति, विभागीय समन्वय और भविष्य की मांगों के अनुरूप पर्यटन विकास पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। पर्यटन को एक प्रमुख आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधि बताते हुए बताया गया कि इसमें आवास, परिवहन, भोजन, दर्शनीय स्थल भ्रमण, गाइड सेवाएं और स्थानीय संस्कृति व हस्तशिल्प का समावेश होता है, जिससे अतिरिक्त रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को शासकीय योजनाओं के लाभ, ऋण प्रणाली, सब्सिडी, वर्किंग कैपिटल एवं प्रस्तुति कौशल की महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान उद्यम पंजीयन की प्रक्रिया भी संपन्न कराई गई। जिला कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ द्वारा जिले में पर्यटन एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने को लेकर विशेष रुचि दिखाई जा रही है। कार्यक्रम में जिला उद्योग विभाग के अधिकारी प्रणय बघेल एवं सरपंच चेतन चंदेल देवांगन की उपस्थिति प्रेरणादायी रही। मास्टर ट्रेनर श्रीमती पारुल पाण्डेय, डिविजनल समन्वयक लोकेश सिन्हा एवं तुषार साहू की सक्रिय भूमिका रही। समापन अवसर पर चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायी एवं मार्गदर्शक बताया।
Loading...

