खैरागढ़। रजा यूनिटी फाउंडेशन खैरागढ़ की टीम ने प्रदेश में हाल ही में अल्पसंख्यक समुदाय से संबंधित घटित घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला की डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे को सौंपा गया, राज्यपाल छत्तीसगढ़ एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम प्रेषित किया गया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष अल्ताफ अली, महामंत्री सादिक मेमन, उपाध्यक्ष रियाज खान, इदरीश खान, इमरान उद्दीन अशरफी, मैनुद्दीन खान, राशिद खान, कबीर कुरैशी सहित अयूब सोलंकी, मतीन अशरफी, बबलू खान, जफर, इश्क खान बताया कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हाल के दिनों में अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़ी कुछ गंभीर घटनाएँ सामने आई हैं, जिनसे भय और असुरक्षा का माहौल बना है। इनमें ग्राम दुत्कय्या (जिला राजिम) में आगजनी और मारपीट, राजिम मेले में कथित दुर्व्यवहार, देवबलौदा क्षेत्र में धमकी की शिकायत, ग्राम जंजगीरी (जिला दुर्ग) में शव दफनाने को लेकर विवाद तथा भिलाई क्षेत्र में सामुदायिक भवन को लेकर तनाव जैसी घटनाएँ शामिल हैं। फाउंडेशन के सदस्इयों ने घटनाओं की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई, प्रभावित परिवारों को सुरक्षा व मुआवजा तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस प्रशासनिक कदम उठाने की मांग की है। साथ ही सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए शांति एवं समन्वय बैठकें आयोजित करने का आग्रह किया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि संविधान द्वारा प्रदत्त समानता, सुरक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकारों की रक्षा करना शासन-प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। फाउंडेशन ने प्रशासन से त्वरित एवं न्यायोचित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
Loading...

