गंडई | थाना गंडई, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई क्षेत्र में महिला को कुचलकर फरार हुए अज्ञात मोटरसाइकिल चालक को पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 जनवरी 2026 को प्रातः लगभग 07:40 बजे ग्राम मरदकठेरा निवासी ललिता साहू (53 वर्ष) पति रेघउ साहू, अपने घर से खेत में बोई गई चना-गेहूं की फसल की निंदाई एवं रखवाली के लिए पैदल खार की ओर जा रही थीं। सुबह करीब 08:00 बजे ग्राम धोधा चौक के आगे कालेगोंदी रोड पर कालेगोंदी की ओर से आ रहे लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद पुलिस ने अपराध धारा 281, 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। लगातार तलाश के दौरान सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी मोटरसाइकिल के हेडलाइट वाइजर को बनवाने के लिए सहसपुर लोहारा स्थित रामा बजाज शोरूम गया था, जिससे पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस ने लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 AU 3664 के चालक शैलेन्द्र निर्मलकर (23 वर्ष) पिता मांगीलाल निर्मलकर, निवासी ग्राम ईरिमकसा, थाना गंडई को तलब कर पूछताछ की, जिसमें उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। प्रकरण में धारा 105 बीएनएस जोड़ी गई है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Loading...

