खैरागढ़ - छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) की बहुप्रतीक्षित प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी को खैरागढ़ में आयोजित की जाएगी। जिले में दो परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जहां कुल 564 पंजीकृत परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा का आयोजन कलेक्टर श्री इंद्रजीत चंद्रवाल के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर सुश्री रेणुका रात्रे ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली में प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक सामान्य अध्ययन तथा द्वितीय पाली में अपरान्ह 03:00 बजे से 05:00 बजे तक एप्टीट्यूड का पेपर होगा। जिले के दो परीक्षा केन्द्र रानी रश्मिदेवी सिंह शासकीय महाविद्यालय (केन्द्र क्रमांक 2901) तथा डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी मॉडल शासकीय मल्टी हायर सेकण्डरी स्कूल (केन्द्र क्रमांक 2902) में परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रवेश को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रथम पाली के लिए मुख्य द्वार सुबह 09:45 बजे और द्वितीय पाली के लिए दोपहर 02:45 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षार्थियों को मूल फोटो पहचान पत्र (मतदाता पहचान पत्र/ड्राइविंग लाइसेंस/पैन कार्ड/आधार कार्ड) तथा फोटोयुक्त प्रवेश पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा में केवल काले अथवा नीले बॉल प्वाइंट पेन का उपयोग मान्य रहेगा। ड्रेस कोड के तहत हल्के रंग के आधी बांह के वस्त्र पहनना अनिवार्य किया गया है। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून एवं चॉकलेटी रंग के कपड़े तथा डिजाइनर वस्त्र वर्जित रहेंगे। महिला परीक्षार्थियों को भी फुल बांह के वस्त्र पहनने की अनुमति नहीं होगी। केन्द्राध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र कुमार साखरे ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पूर्व केन्द्र पहुंचें, ताकि मेटल डिटेक्टर जांच, मैन्युअल तलाशी, पहचान पत्र सत्यापन एवं फेस मैचिंग की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
Loading...

