खैरागढ़। भारतीय विश्वविद्यालय संघ द्वारा हैदराबाद में आयोजित कुलपतियों की राष्ट्रीय बैठक में इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ की कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए संस्थान की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं शोध संबंधी उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। कुलपति प्रो. शर्मा ने विश्वविद्यालय में संचालित नवाचारों, भारतीय शास्त्रीय कला एवं संगीत के संरक्षण और संवर्धन हेतु किए जा रहे प्रयासों तथा अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में हो रही प्रगति की जानकारी साझा की। देश के विभिन्न राज्यों से उपस्थित कुलपतियों ने विश्वविद्यालय की पहलों की सराहना करते हुए इसे कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में प्रेरणादायक बताया। बैठक उपरांत कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा ने तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से सौजन्य भेंट की। उन्होंने विश्वविद्यालय की विशिष्ट प्रकृति, भारतीय शास्त्रीय कला एवं संगीत शिक्षा में इसकी भूमिका तथा सांस्कृतिक संरक्षण के लिए किए जा रहे नवाचारों से राज्यपाल को अवगत कराया। राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए निकट भविष्य में विश्वविद्यालय आगमन की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने कुलपति से संपर्क हेतु दूरभाष नंबर प्राप्त कर अपनी सुविधानुसार समय निर्धारित करने का आग्रह किया। इस पर कुलपति ने अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में विश्वविद्यालय आगमन का निवेदन किया. विश्वविद्यालय प्रशासन ने राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।
Loading...

