खैरागढ़। अंकित महोबिया - जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई के सभा कक्ष मैकाल सदन में राज्य शासन के निर्देशानुसार ई-ऑफिस संचालन के संबंध में जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों-कर्मचारियों की संयुक्त कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ.कार्यशाला में राज्य स्तर से आए मास्टर ट्रेनरों ने प्रोजेक्टर के माध्यम से ई-ऑफिस प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान फाइल प्रबंधन, नोटशीट तैयार करने की प्रक्रिया, डिजिटल हस्ताक्षर, ऑनलाइन पत्राचार एवं अभिलेख संधारण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रतिभागियों को ई-ऑफिस के विभिन्न मॉड्यूल की बारीकियों से अवगत कराया गया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया. इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं उपसंचालक पंचायत गीत कुमार सिन्हा, जिला ट्रेजरी ऑफिसर वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। ब्लॉक स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी प्रथम एवं द्वितीय पाली में प्रशिक्षण सत्र में शामिल हुए. अधिकारियों ने बताया कि ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन से कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं सुगमता आएगी। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यकुशलता में वृद्धि होगी तथा जिले में डिजिटल प्रशासन को और गति मिलेगी.
Loading...

