
खैरागढ़। भारत स्काउट गाइड जिला संघ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा भारत स्काउट गाइड के जनक लार्ड बेडेन पावेल के जन्मदिवस के अवसर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) खैरागढ़ के प्रशिक्षण हाल में चिंतन दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी लालजी द्विवेदी एवं डाइट प्राचार्य निहारिका कर्महे के मार्गदर्शन तथा जिला सचिव कृष्ण कुमार वर्मा के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी लालजी द्विवेदी एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा लार्ड बेडेन पावेल एवं लेडी पावेल के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। स्काउटिंग परंपरा के अनुसार जिला सचिव कृष्ण कुमार वर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी को कमिश्नर स्टाफ पहनाकर स्वागत किया। इसके पश्चात स्काउटर एवं गाइडर द्वारा सभी अतिथियों का स्कार्फ एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया। चिंतन दिवस के अवसर पर विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों को मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया। हिंदू धर्म से भागवत शरण सिंह, मुस्लिम धर्म से मोहम्मद खलील कुरैशी, सिख धर्म से हरजीत सिंह भाटिया, ईसाई धर्म से शैलेंद्र मसीह, बौद्ध धर्म से अनुराग तुरे एवं जैन धर्म से सुनील जैन की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सर्वधर्म प्रार्थना के माध्यम से एकता और भाईचारे का संदेश दिया गया. अतिथियों में अनुराग तुरे एवं भागवत शरण सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए युवाओं को सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर जिला संघ द्वारा तृतीय सोपान परीक्षा में जुनवानी में सफलता प्राप्त करने वाले स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही 6 जनवरी से 13 जनवरी तक ग्राम दूधली (बालोद) में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी में सहभागिता देने वाले रोवर-रेंजर को प्रमाण पत्र एवं सेवाएं देने वाले स्काउटर-गाइडर को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों भागवत शरण सिंह, अनुराग तुरे, खलील कुरैशी, शैलेंद्र मसीह, हरजीत सिंह भाटिया, सुनील जैन, कमलेश्वर सिंह, उत्तम दसारिया, मंगल सारथी एवं आकाश तिवारी को साल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी लालजी द्विवेदी, जिला सचिव कृष्ण कुमार वर्मा, विकासखंड सचिव सुनील गुनी, जिला संगठन आयुक्त धनुष सिंहा, जिला संगठन आयुक्त (गाइड) ललिता कोसारे, जिला प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) विशाल ठाकुर, संजू कंवर, हेमलाल वर्मा, नीलू सिंह, रामलाल साहू, त्रिलोक यादव सहित डाइट के छात्र-अध्यापक एवं जिले भर से बड़ी संख्या में स्काउटर, गाइडर, स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर उपस्थित रहे।

