
खैरागढ़ - छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष श्री संदीप शर्मा ने गुरुवार को जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली एवं पोषण व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने उचित मूल्य दुकान जालबांधा एवं करमतरा का निरीक्षण करते हुए पारदर्शिता और समयबद्ध राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जालबांधा में पूर्व दुकान संचालक से शेष स्टॉक की वसूली कर ई-पास मशीन में स्टॉक सुधार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एक माह के कमीशन एवं बोरे की राशि वर्तमान संचालक को हस्तांतरित करने को कहा गया। करमतरा के संचालक को प्रत्येक माह समय पर राशन वितरण प्रारंभ करने तथा नान (NAN) से राशन प्राप्त होते ही ई-पास मशीन में पावती दर्ज करने के निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि हितग्राहियों को समय पर और पारदर्शी तरीके से राशन मिलना शासन की प्राथमिकता है।निरीक्षण दल ने आंगनबाड़ी केंद्र सलोनी क्रमांक-2 में बच्चों के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता की जांच की। अध्यक्ष ने स्वयं भोजन चखकर गुणवत्ता परखते हुए शिकायत निवारण कॉल सेंटर की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। इसके बाद जालबांधा स्थित अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया गया। यहां दैनिक भोजन मेन्यू का नियमित प्रदर्शन और उसके अनुरूप क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही फोर्टिफाइड चावल को निर्धारित विधि से पकाने और परोसने तथा पोषण मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी एवं पारदर्शी रूप से पहुंचाने के लिए सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। इस दौरान खाद्य आयोग सदस्य राजेंद्र महिलांग, सदस्य सचिव राजीव कुमार जायसवाल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र ठाकुर, खाद्य अधिकारी भुनेश्वर चेलक, सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला प्रबंधक नान सहित खाद्य विभाग के अधिकारी एवं निरीक्षक उपस्थित रहे।

