खैरागढ़। जिले के दिव्यांगजनों के लिए राहत भरी खबर है। अब प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को सिविल अस्पताल खैरागढ़ में विशेष दिव्यांग जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में 15 अप्रैल 2026 (बुधवार) को पहला शिविर आयोजित होगा, जिसमें दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। समाज कल्याण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं रायपुर के निर्देशानुसार जिला मेडिकल बोर्ड की सुविधा शुरू कर दी गई है। इस नए बोर्ड के माध्यम से दिव्यांग अधिकार अधिनियम 2016 के तहत 21 प्रकार की दिव्यांगताओं के प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। यह व्यवस्था कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल एवं जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल के निर्देशन में, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज तथा सीएमएचओ डॉ. आशीष शर्मा के मार्गदर्शन में लागू की जा रही है। शिविर में सभी संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टर उपस्थित रहकर दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे।जिला प्रशासन ने सभी दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे 15 अप्रैल को सुबह 10 बजे सिविल अस्पताल खैरागढ़ में उपस्थित होकर प्रमाण पत्र बनवाएं। इसके लिए आधार कार्ड की छायाप्रति एवं 2 पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।प्रशासन का मानना है कि इस पहल से जिले के दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र बनवाने में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी और उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा
।

