खैरागढ़। ग्राम धौराभाटा, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के 18 वर्षीय युवा पहलवान अखिल यदु ने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच कड़ी मेहनत कर कुश्ती में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। 8 मार्च 2026 को आयोजित अंडर-20 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में अखिल यदु ने ग्रीको-रोमन 72 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर जूनियर राष्ट्रीय स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया है। अखिल यदु ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने कोच, परिवार और मित्रों को दिया है, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन से वे इस मुकाम तक पहुंच पाए। इससे पहले भी अखिल यदु कई प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता (अंडर-19) में फ्रीस्टाइल 65 किलोग्राम भार वर्ग में रायपुर संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक प्राप्त किया था। इसके अलावा सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत रायपुर लोकसभा क्षेत्र की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं राज्य स्तरीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता में ग्रीको-रोमन 63 किलोग्राम भार वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उल्लेखनीय है कि 10 से 12 अप्रैल 2026 तक भिलाई (छत्तीसगढ़) में पहली बार अंडर-20 जूनियर राष्ट्रीय स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में अखिल यदु ग्रीको-रोमन 72 किलोग्राम भार वर्ग में पूरे छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। अखिल यदु ने कहा कि वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में और बेहतर प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और अपने जिले का नाम देशभर में रोशन करने का पूरा प्रयास करेंगे।
Loading...

