खैरागढ़। श्री रूख्खड़ स्वामी महोत्सव 2026 के शुभारंभ अवसर पर मंगलवार को आस्था, अनुशासन और सनातन परंपरा का भव्य संगम देखने को मिला। खैरा स्थित नर्मदा कुंड से पवित्र जल लेकर निकली भव्य बाइक रैली ने पूरे खैरागढ़ नगर को भक्तिमय वातावरण में रंग दिया। 150 से अधिक बाइकों एवं कई चारपहिया वाहनों के साथ निकली इस रैली के नगर में प्रवेश करते ही हर ओर धर्मध्वज लहराने लगे और जयघोष गूंज उठा. सुबह से ही खैरा, नर्मदा कुंड एवं गंडई क्षेत्र के श्रद्धालु नर्मदा कुंड पर एकत्र हुए. विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात कुंड से पवित्र जल ग्रहण कर भगवा ध्वजों के साथ बाइक रैली का शुभारंभ किया गया। यह रैली धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्रीय एकता और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रतीक बनी. नगर सीमा में प्रवेश के बाद बाइक रैली साईं मंदिर पहुंची, जहां स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर हनुमान भगवान का रुद्राभिषेक एवं महामृत्युंजय मंत्र का पाठ संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा. साईं मंदिर से रैली बस स्टैंड, ईतवारी बाजार, बख्शी मार्ग, गोलबाजार, मस्जिद चौक एवं जय स्तंभ चौक होते हुए मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंची. मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर रैली का अभिनंदन किया। नागरिकों ने आयोजन को ऐतिहासिक और अनुकरणीय बताया. मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने कलश यात्रा में सहभागिता निभाई. नर्मदा कुंड से लाए गए पवित्र जल को कलशों में स्थापित कर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बाइक रैली में शामिल श्रद्धालु भी पैदल यात्रा में सम्मिलित हुए और भगवा ध्वजों के साथ जयघोष करते हुए आगे बढ़े. कलश यात्रा मां दंतेश्वरी मंदिर से अस्पताल चौक होते हुए श्री रूख्खड़ स्वामी मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधिवत पूजन-अर्चन के साथ यात्रा का समापन किया गया। पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव” और “जय बजरंगबली” के नारों से वातावरण गूंजता रहा. यात्रा के समापन पश्चात श्रद्धालुओं के लिए सामूहिक भोजन एवं प्रसादी वितरण की व्यवस्था की गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। आयोजकों की सुव्यवस्थित व्यवस्था, सेवा भाव और अनुशासन की सर्वत्र प्रशंसा की गई.
Loading...

