छुईखदान। अंकित महोबिया - छुईखदान में स्थित कृषि महाविद्यालय को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं, जिससे एक शैक्षणिक और अनुशासित संस्थान की छवि पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय सूत्रों व कुछ कर्मचारियों के अनुसार महाविद्यालय परिसर के अंदरूनी हिस्सों में कथित तौर पर चखना, शराब और मुर्गा पार्टी जैसी गतिविधियाँ आयोजित होने की बातें सामने आ रही हैं। आरोप है कि इन गतिविधियों में कुछ अधिकारी और कर्मचारी आपसी सांठगांठ के चलते एक-दूसरे को संरक्षण देते हैं, जिसके कारण अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। यदि ये आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल शासकीय नियमों का उल्लंघन है, बल्कि शैक्षणिक संस्थान की मर्यादा और अनुशासन के भी प्रतिकूल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कृषि महाविद्यालय जैसे शैक्षणिक और शोध आधारित संस्थान में इस तरह की कथित गतिविधियाँ छात्रों, युवाओं और समाज के लिए गलत संदेश देती हैं। ऐसे संस्थानों का मूल उद्देश्य शिक्षा, शोध और अनुशासन को बढ़ावा देना होता है, न कि अवैध व अनैतिक गतिविधियाँ। इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन और उच्च शिक्षा विभाग की भूमिका पर भी प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। आरोपों के बावजूद अब तक न तो किसी जांच समिति का गठन किया गया है और न ही परिसर की निगरानी व्यवस्था को लेकर कोई सख्त कदम उठाया गया है।
Loading...

